मुंबई: बॉलिवुड अभिनेता और बिग बॉस फेम सिद्धार्थ शुक्ला का गुरुवार को असामयिक निधन हो गया। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि शुक्ला की मौत दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है। उनके जाने के बाद उनके फैन्स खासे ग़मज़दा हैं और उन्हें अलग-अलग तरीके से उन्हें याद कर रहे हैं।
बता दें कि बिग बॉस फैम शुक्ला सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते थे। अपने आख़िरी ट्वीट में उन्होंने पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को सलामी दी थी। 30 अगस्त को उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि- भारतीय हमें बार-बार गर्वित कर रहे हैं… एक वर्ल्ड रिकॉर्ड, पैरालंपिक्स में गोल्ड, बधाई सुमित अंतिल और अवनि लेखरा।
गौरतलब है कि शुक्ला ने एक मॉडल के रूप में शोबिज में अपना करियर शुरू किया और टेलीविजन शो ”बाबुल का आंगन छूटे ना” में मुख्य भूमिका के साथ अभिनय की शुरुआत की। बाद में वह ‘जाने पहचाने से… ये अजनबी’, ‘लव यू जिंदगी’ जैसे शो में नजर आए, लेकिन आम भारतीय के दिलों पर उन्होंने डेली सोप ‘बालिका वधू’ के साथ दस्तक दी थी। यहीं से वे आम भारतीय दर्शकों के दिलों में अपने लिए जगह बनाते चले गए।
40 वर्षीय शुक्ला ने हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया से बॉलिवुड में एंट्री की थी। इस फिल्म में उन्होंने सहायक भूमिका निभाई थी। उन्होंने ‘झलक दिखला जा 6’, ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7’ और ‘बिग बॉस 13’ सहित रियलिटी शो में भी भाग लिया। वे बिग बॉस के विनर भी रहे थे। इसके अलावा उन्होंने खतरों के खिलाड़ी का सातवां सीजन भी अपने नाम किया था।
शुक्ला के परिवार में मां और दो बहनें बची हैं।