देवघर| 10 हजार रुपये कर्ज के विवाद मे गोली मारकर एक महिला को गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला सामने आया है। रातभर तड़पने के बाद सुबह घायल राजेश्वरी देवी को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चंद्रमंडी के बिराजपुर गांव की रहने वाली है।

महिला ने बताया कि वह महिला समिति ग्रुप चलाती है। उसमें से उसने नकुल यादव नामक एक व्यक्ति को 10 हजार रुपये कर्ज के तौर पर दिए थे। रूपये वापस मांगने पर उक्त युवक ने उसे शाम के छह बजे चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के आसना मोड के समीप मिलने को कहा। जिसके बाद महिला रुपये लेने वहां पहुंच गई। कुछ देर में उक्त युवक भी वहां पहुंचा। बातचीत के क्रम में युवक उसे पास की झाड़ियों की ओर ले गया। वहां उसके सिर पिस्तौल सटाकर गोली मार दी। बाद में उसे मरा हुआ समझ वहां से भाग निकला। महिला इस दौरान पूरी रात वहां जख्मी हालत में पड़ी रही। बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर घायल महिला पर पड़ी तो स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे इलाज के लिए देवघर पहुंचाया। सदर अस्पताल के आइसीयू में इलाजरत है। स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version