रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपनी चार दिवसीय यात्रा पर 9 सितंबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। नड्डा रायपुर में चार दिन तक प्रवास करेंगे। नड्डा 9 को एक रोड शो करने के बाद 10 से 12 तक संघ की बैठक में शामिल होंगे।

राज्य में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बदलने के बाद पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 9 सितंबर को छत्तीसगढ़ आ रहे है। रायपुर में भाजपा का उस दिन एक बड़ा रोड शो है। इसमें भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इस रोड शो को लेकर छत्तीसगढ़ भाजपा तैयारी में जुट गई है। इस रोड शो कर छत्तीसगढ़ में भाजपा मिशन 2023 का आगाज करेगी।

जानकारी के अनुसार नड्डा 10 से 12 सितंबर तक संघ की बैठक में रहेंगे। इन तीन दिनों में वह किसी राजनीतिक आयोजन में हिस्सा नहीं लेंगे। संघ की इस बैठक में प्रदेश भाजपा के किसी नेता को नहीं आमंत्रित किया गया है। नड्डा लंबे समय तक छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी रहे हैं। उनके इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। राज्य में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बदलने के बाद पहली बार जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ आ रहे है। इसलिए बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 9 सितंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं और अलग-अलग समुदाय के लोगों से मिलेंगे। 9 सितंबर को ही नड्डा रायपुर में एक रोड शो करेंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करेंगे। नड्डा 10 सितंबर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय समिति की बैठक में भाग लेंगे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन बदलाव के दौर में हैं। अगले वर्ष के अंत में राज्य में विधानसभा के चुनाव होने हैं और भाजपा नेताओं में आपसी मतभेद व मनभेद की भी अटकलें लग रही हैं। हाल ही में भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बदलकर संघ की पृष्ठभूमि के बिलासपुर से सांसद अरुण साव को नई जिम्मेदारी दी गई है ।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version