आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड हाइकोर्ट के नये चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा होंगे। उत्तराखंड से झारखंड हाइकोर्ट ट्रांसफर किये गये जस्टिस संजय कुमार मिश्रा झारखंड हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ रविरंजन के बाद दूसरे सबसे वरीय न्यायाधीश होंगे। जस्टिस संजय कुमार मिश्रा का जन्म 29 दिसंबर, 1961 को हुआ था। उनके पिता का नाम मारकंडेय मिश्रा और माता का नाम ज्योतिर्मयी मिश्रा है। उन्होंने स्कूली शिक्षा टिकरा अपर प्राइमरी स्कूल में ग्रहण की। वर्ष 1977 में पृथ्वीराज हाई स्कूल, बोलांगीर से हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा उत्तीर्ण की। 1982 में बोलांगीर के राजेंद्र कॉलेज से बीकॉम (आॅनर्स) पूरा किया। एम कॉम 1984 में दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरा करने के बाद एलएलबी 1987 में विधि संकाय दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरा किया। मार्च, 1988 से वकालत के पेशे में शामिल हुए और अपने पिता मारकंडेय मिश्रा के मार्गदर्शन में बोलांगीर जिला न्यायालय में अभ्यास शुरू किया। स्वतंत्र रूप से कई मामलों, सिविल सूट, सिविल अपीलों में केस लड़ा। इसके बाद जिला न्यायाधीशों की भर्ती परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया और 16 फरवरी, 1999 को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जयपुर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। जिला और सत्र न्यायाधीश, सुंदरगढ़, ढेंकनाल, विशेष न्यायाधीश (सीबीआइ), भुवनेश्वर के रूप में भी काम किया। ओड़िशा हाइकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पद पर भी रहे। वह 7 अक्टूबर, 2009 को ओड़िशा हाइकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए। बता दें कि झारखंड हाइकोर्ट के जज जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को अब त्रिपुरा हाइकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बीते 28 सितंबर की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



