-चंदनकियारी की संकल्प सभा में भाजपा की सरकार बनाने का किया आह्वान

बोकारो। संकल्प यात्रा के छठे चरण के दौरान गुरुवार को चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही उन्होंने अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास कार्य के लिए केंद्र और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया।

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। पैसे लेकर अयोग्य व्यक्तियों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है जबकि गरीब व्यक्ति भूखे मरने को मजबूर हैं। गढ़वा में मुसहर दलित का मामला भी ऐसा ही है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच करते हुए एमओ बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गांव-गरीब किसानों के प्रति समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब घर से आते हैं। इसलिए वे गरीबों की चिंता करते हैं। प्रधानमंत्री बनते ही शौचालय बनवाया। एक-एक गरीब व्यक्ति को बैंकों से जोड़ दिया। कोविड काल में सीधे खाते में पैसे दिए। मरांडी ने कहा कि मोदी ने महिला आरक्षण बिल लाकर बड़ा तोहफा दिया है। इस बिल से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। इससे पहले रक्षा बंधन पर गैस सब्सिडी का बड़ा तोहफ़ा दिया।

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने रोजगार नहीं तो भत्ता का वादा किया था लेकिन 2023 बीतने वाला है अब तक नियुक्ति वर्ष नहीं आया। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो गया है। पुलिस वसूली में व्यस्त है। पिछले पांच महीने में 23 व्यापारियों की हत्या हुई है, जिनमें 9 व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा की मांगी थी लेकिन सुरक्षा नहीं मिली। इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version