मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जालना लाठीचार्ज मामले की अगर जरुरत पड़ी तो न्यायिक जांच कराई जाएगी। महाराष्ट्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) जालना पहुंच कर मामले की छानबीन करेंगे।

मुख्यमंत्री शिंदे रविवार को ’शासन आपके द्वार’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलढ़ाणा जिले में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जालना लाठीचार्ज मामले में जिले के पुलिस अधीक्षक को जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया है और जिला उपअधीक्षक का तबादला अन्य जिले में कर दिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) सक्सेना जालना आएंगे और मामले की छानबीन कर दोषियों के खिलाफ तत्काल स्तर पर कार्रवाई करेंगे।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि जालना में मराठा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज बहुत ही दुखद घटना है। इस घटना का मैं किसी भी कीमत पर समर्थन नहीं कर सकता। मैंने तीन दिन पहले मनोज जारांगे को फोन कर उनका हालचाल जानने का प्रयास किया। मराठा समुदाय को आरक्षण देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब तक मराठा समाज को आरक्षण नहीं मिल जाता वे शांत नहीं बैठेंगे। मुख्यमंत्री शिंदे ने मराठा समाज से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version