रांची। भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर झारखंड के सभी जिलों में सात सितम्बर को पदयात्रा निकालेगी। साथ ही सार्वजनिक सभा का आयोजन किया जाएगा। इस कड़ी में राज्य की राजधानी रांची में भी पदयात्रा होगी। इसमें झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता अपने जिलों में पदयात्रा और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बुधवार को अग्रणी मोर्चा संगठन के अध्यक्षों के साथ बैठक कर पदयात्रा में छात्र, युवा और महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने निर्देश दिया।

प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि सात सितम्बर को रांची में आयोजित पदयात्रा शाम 05 बजे शहीद स्थल से शुरू होकर मेन रोड, ओल्ड एचपी रोड, लालपुर होते हुए कोकर बिरसा समाधि स्थल पहुंचेगी, जहां एक सभा का आयोजन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से मोदी सरकार के साढ़े नौ सालों के कार्यकाल में बेतहाशा महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक मुद्दे, युवाओं और महिलाओं की समस्या पर जनता से संवाद होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version