रांची। डुमरी उप चुनाव में एनडीए का प्रचार अभियान जोर-शोर से चल रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने संकल्प यात्रा को बीच में रोककर प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। सभी छह मंडलों में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद अब गांव-गांव संपर्क अभियान पर पार्टी ने जोर लगाया है।

बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को ससारखों मंडल के दर्जनों गांवों का दौरा कर लोगों से एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। मरांडी ने अपने संबोधनों में बार-बार पहले मतदान फिर जलपान का अनुरोध किया। मरांडी ने संपर्क अभियान की शुरुआत खरको मोड़ पर स्थापित झारखंड के अमर शहीद सिदो कान्हो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

जनसंपर्क अभियान में मरांडी ने जरीडीह, बाराडीह, खकसावा, करमा, बहियार, बरवाडीह सहित दर्जनों गांवों में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से जनता का आक्रोश हेमंत सरकार के खिलाफ झलक रहा उससे स्पष्ट हो गया है कि डुमरी विधानसभा क्षेत्र की जनता ने हेमंत सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जनता आखिर झामुमो प्रत्याशी को क्यों वोट करे। हेमंत सोरेन की सरकार पैसे और परिवार के लिए सत्ता में बने रहना चाहती है। उसे राज्य की गरीब जनता, बेरोजगारों, किसानों, बहन- बेटियों, आदिवासी दलित और पिछड़े किसी की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी आंदोलन को बेचने का इनका पुराना इतिहास है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version