रांची। जेबीकेएसएस ने अल्पसंख्यक केंद्रीय अध्यक्ष अकील अख्तर उर्फ रिजवान को उनके पद से हटा दिया है। रिजवान पर बालू लदे वाहनों से अवैधी वसूली करने का आरोप लगा है। इस बारे में अध्यक्ष जयराम महतो ने पत्र जारी करते हुए कहा है, विभिन्न अखबारों के माध्यम से अल्पसंख्यक केंद्रीय अध्यक्ष अकील अख्तर उर्फ रिजवान के कृत्य की जो जानकारी मिली है, उसे संज्ञान में लिया जाता है। मामले की पुष्टि के लिए शक्ति महतो, अखलाक अंसारी, शंकर महतो राजीव राय, पप्पू पहाड़ी, हरेंद्र रजक और गौतम महतो की सात सदस्यीय टीम का गठन तत्काल किया गया है। टीम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। रिपोर्ट आने तक अकील अख्तर को केंद्रीय अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा के पद से मुक्त किया जाता है। अगले केंद्रीय अध्यक्ष कौन होंगे, इसकी सूचना अध्यक्ष जयराम महतो की ओर से दी जायेगी। रिजवान पर बालू लदे ट्रैक्टर और ट्रकों से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बालू लदे ट्रक और ट्रैक्टरों से जेबीकेएसएस के नेता वसूली कर रहे थे। इससे परेशान होकर चालकों और ग्रामीणों ने जेबीकेएसएस के नेता रिजवान अंसारी और अन्य तीन की जम कर पिटाई कर दी। ट्रैक्टर चालकों से मिली जानकारी के अनुसार जेबीकेएसएस अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष रिजवान अंसारी स्कार्पियो से डोमनपुर, मनियाडीह रोड स्थित तिलैया गांव पहुंचे थे।
मिली खबर के मुताबिक जेबीकेएसएस नेता बालू लदे ट्रैक्टर चालकों से 500-500 रुपये मांगने लगे। चालकों से उन्होंने कहा कि हम लोग रांची से आये हैं। जेबीकेएसएस के नेता हैं। इसका विरोध करने पर उन्होंने चालकों को पुलिस को फोन कर गाड़ी जब्त करा देने की धमकी दी। इसकी जानकारी मिलने पर जयराम महतो ने उनको पद से हटा दिया है।