रांची। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक यात्रा पर ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गये। रक्षा राज्यमंत्री चार दिनों तक ऑस्ट्रेलिया में रहेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अपने दौरे में संजय सेठ मेलबर्न शहर जायेंगे, जहां युद्ध स्मारक में बलिदान हुए लोगों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों के साथ रक्षा राज्यमंत्री का संवाद कार्यक्रम भी होगा। वहीं रक्षा राज्यमंत्री मेलबर्न शहर में ही आयोजित डिफेंस एक्सपो में भाग लेंगे और भारतीय रक्षा उद्योग की पवेलियन का भ्रमण करेंगे। इस दौरान रक्षा विज्ञान और तकनीकी से जुड़े एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसी दिन संजय सेठ कैनबरा शहर के दौरे पर होंगे, जहां वे भारतीय उच्चायुक्त के साथ मुलाकात करेंगे।

भारत ऑस्ट्रेलिया संसदीय समिति मीटिंग में भाग लेंगे संजय सेठ
ऑस्ट्रेलिया दौरे में रक्षा राज्यमंत्री वहां के संसद भवन का भी अवलोकन करेंगे और सहायक मंत्रियों के साथ उनकी बैठक होगी। ऑस्ट्रेलिया के रक्षा उद्योग के साथ ही विभिन्न विभागों के मंत्रियों के साथ भी बैठक तय की गयी है। इसके अलावे भारत ऑस्ट्रेलिया संसदीय समिति की बैठक में भी भाग लेंगे। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि उनका यह आधिकारिक दौरा है, जहां रक्षा उद्योग समेत कई विषयों पर बातचीत होगी। रक्षा क्षेत्र में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हो रहे कार्यों को अब दुनिया देख रही है। दुनिया को भारत से बड़ी उम्मीदें हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version