रांची। आनेवाले दिनों में मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखा जायेगा। राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। इसमें राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन और साउथवेस्ट मानसून झारखंड में सक्रिय है। इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर राज्य में पड़नेवाला है। कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है। इसलिए लोगों को काफी सचेत रहने की जरूरत है। इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

केंद्र के अनुसार 7 सितंबर को राज्य के पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश की संभावना है। इसमें लातेहार, चतरा, पलामू, गुमला जिला शामिल है। वहीं, 8 और 9 सितंबर को राज्य के दक्षिण पश्चिम भागों में बारिश की संभावना है, जिसमें लातेहार, चतरा, पलामू, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, खूंटी, देवघर, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जिला शामिल है। साइक्लोन का असर राज्य के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिलेगा।

राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे में हल्की बारिश देखी गयी, वहीं, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सरायकेला और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रांची में दर्ज किया गया। सबसे अधिक वर्षा 84.4 मिमी गोड्डा में दर्ज की गयी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version