रांची। झारखंड हाइकोर्ट ने रांची नगर निगम से पूछा कि रांची के बड़ा तालाब से क्यों आ रही है फिर बदबू। इसके आसपास की सभी नाली के गंदे पानी को वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्यों नहीं जोड़ा गया है? सिर्फ बड़ा तालाब के बगल की एक नाली को वॉटर ट्रीटमेंट से जोड़ने से काम नहीं चलेगा? बड़ा तालाब के आसपास की सभी नालियों को वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ कर ट्रीटमेंट होने के बाद साफ पानी को बड़ा तालाब में जाने दिया जाये, ऐसी व्यवस्था रांची नगर निगम को सुनिश्चित करनी होगी।
हाइकोर्ट की खंडपीठ ने बड़ा तालाब में फिर से बदबू आने को गंभीरता से लेते हुए मौखिक कहा कि सरकार को बड़ा तालाब की लगातार सफाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए। खंडपीठ ने मामले में रांची नगर निगम एवं नगर विकास विभाग को इन बिंदुओं पर जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 20 सितंबर निर्धारित की है।