हेमंत सोरेन की ‘मंईयां योजना’ सिर्फ दिखावा, असली विकास भाजपा के साथ ही संभव
राज्य में भाजपा सरकार बनते ही कानूनी धक्के से घुसपैठिये बाहर किये जायेंगे
रांची। असम के मुख्यमंत्री सह झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को टाटीसिल्वे में आयोजित परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह में कहा कि हमने 20 सितंबर को भोगनाडीह से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की थी और आज यह यात्रा अपने अंतिम चरण में है। 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हजारीबाग आयेंगे और इसके साथ ही झारखंड विधानसभा चुनाव का बिगुल बज जायेगा। हमें इस चुनाव में भाजपा की सरकार बनानी है और एक नया झारखंड बनाना है।
हेमंत ने एक भी वादा पूरा नहीं किया
उन्होंने कहा कि 2019 में चुनाव के वक्त झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने लोगों को विश्वास दिलाया था कि यदि जेएमएम की सरकार बनेगी, तो आदिवासी और मूलवासियों का कल्याण होगा। 2019 में जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो पांच लाख लोगों को नौकरी दी जायेगी। लेकिन हर बार परीक्षा के पेपर लीक हो जाते हैं और युवाओं को नौकरी नहीं मिलती। असम में मैंने 1.5 लाख लोगों को नौकरी दी है और एक भी पेपर लीक का आरोप नहीं लगा है, जबकि झारखंड में हर परीक्षा का पेपर लीक हो जाते हैं। हेमंत सोरेन ने बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन क्या किसी के बैंक खाते में पैसा आया? हेमंत को माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो चुनाव परिणाम का इंतजार कीजिए, झारखंड के युवा आपको औकात दिखा देंगे।
उन्होंने कहा कि जब झारखंड विधानसभा चुनाव हुए थे, उस समय हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि हर महीने चूल्हा खर्च दिया जायेगा, गरीब परिवारों को पेंशन दी जायेगी और बेटियों की शादी पर 51 हजार रुपये का सोने का सिक्का दिया जायेगा। लेकिन किसी को सोने का सिक्का मिला क्या? हमारी असम, छत्तीसगढ़, और मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। असम की माताओं को हमने बैंक में पैसा देना शुरू किया है। तीन महीने से हमने 1,250 रुपये देना शुरू किया है।
हम गोगो दीदी योजना ला रहे हैं
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार अब जानेवाली है, और अब उन्होंने ‘मंईयां योजना’ शुरू की है। उन्होंने मंईयां योजना का एलान किया है, जिसमें एक महीने का 1,000 रुपये दिया जा रहा है। हम ‘गोगो दीदी योजना’ लेकर आ रहे हैं और यह मोदी जी की गारंटी है।
सरकार आने दीजिए, एक-एक कर घुसपैठिये बाहर होंगे
हिमंता ने कहा कि झारखंड के युवाओं को नेपाल ले जाकर परीक्षा के पेपर बांट दिये जाते हैं और फिर वे परीक्षा देने आते हैं। इस सरकार ने कहा था कि बालू मुफ्त में देंगे, लेकिन क्या किसी को बालू मुफ्त में मिला है? उन्होंने कहा कि संथाल में घुसपैठिये भर चुके हैं। हेमंत सोरेन कहते हैं कि घुसपैठिये नहीं हैं। एक बार झारखंड में भाजपा को आने दीजिए, ये लोग कानून के साथ धक्का देकर भगा दिये जायेंगे। यह झारखंड आदिवासियों का है, घुसपैठियों का नहीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने पर मैं 5 लाख आवास देने का वादा करता हूं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उत्पाद सिपाही की दौड़ शुरू हुई, जिसमें 18 युवाओं की मौत हो गयी। जिन युवाओं का निधन हुआ है, उनके परिवार के सदस्यों को नौकरी मिलनी चाहिए। सरकार अपने बारे में दिनभर बोलती रहती है। मियां-बीबी एक-दूसरे के बारे में बातें करते हैं, जैसे कोई सिनेमा चल रहा हो—मैं हूं, तुम हो, एक-दूजे के लिए। अरे, आप लोग जो-जो वादे किये गये थे, उनके बारे में भी कुछ बोलें।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



