अब तक 17 लाख से अधिक लोगों की हो चुकी है भागीदारी

 

परिवर्तन यात्रा का समापन हजारीबाग में, 2 अक्टूबर को, प्रधानमंत्री आयेंगे

रांची। झारखंड भाजपा की परिवर्तन यात्रा आशा और उम्मीद से ज्यादा सफल रही। इसकी शुरुआत 20 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संताल परगना प्रमंडल और गिरिडीह के झारखंड धाम से की थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 सितंबर को और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हजारीबाग प्रमंडल के इटखोरी और पलामू के भवनाथपुर स्थित वंशीधर मंदिर से प्रारंभ की थी। दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के खूंटी जिले के अमरेश्वर धाम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसकी शुरूआत 23 सितंबर को की थी। यह यात्रा अब तक राज्य के 24 जिलों, 74 विधानसभा, 202 प्रखंड की 4500 किलोमीटर की यात्रा तय कर चुकी है। अब तक 17 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी इसमें हो चुकी है। उक्त बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने 29 सितंबर को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कही।

बारिश के बाद भी यात्रा में हुए शामिल लोग

श्री मरांडी ने कहा कि अधिक बारिश के बावजूद भी जिस तादात में लोगों की भागीदारी इस यात्रा में रही, वह अपने आप में अद्भुत और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य राज्य की जनता को इंडी गठबंधन सरकार की झूठ और ठग के खिलाफ जागरुक करना था। भाजपा अपने उद्देश्य में सफल रही। अब तक 16 से 17 लाख लोग इस यात्रा में शामिल हुए।

जनता को ठगी है हेमंत सरकार

श्री मरांडी ने हेमंत सरकार के पांच साल के कार्यकाल पर प्रहार किया। कहा कि इस सरकार ने पांच वर्षों तक राज्य की भोली भाली जनता को सिर्फ और सिर्फ ठगा है। अब जब चुनाव सामने है, तब भी जनता को ठगने के लिए दाने डाल रही है। हालांकि जनता अब उनके झांसे में आनेवाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों ने कहा कि वे हेमंत सोरेन के चाल और चरित्र से अच्छी तरह वाकिफ हैं। जो व्यक्ति अपने पिता की कसम खाकर भी अपने वादे पूरे नहीं करता है, उससे विकास की उम्मीद करना ही बेमानी है। उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। हेमंत सरकार को बदल कर भाजपा की सरकार बनानी है।

सीएनटी और एसपीटी का सबसे ज्यादा उल्लंघन

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार किसी भी काम को ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ नहीं करती है। सरकार ने पांच वर्षों तक राज्य की खनिज संपदा कोयला, बालू, पत्थर को दलाल और बिचौलियों के साथ मिलकर लूटने का काम की है। इस सरकार में सीएनटी और एसपीटी कानून का सबसे ज्यादा उल्लंघन हुआ है। आदिवासी जमीन का सबसे ज्यादा फर्जीवाड़ा हुआ है। सेना की जमीन को भी नहीं छोड़ा गया। कोलकाता से जमीन का फर्जी कागज बना कर उसे बेचा गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि साइकिल वितरण योजना में स्कूली बच्चों को घटिया किस्म की साइकिल दी जा रही है। सुनने में तो यहां तक आ रहा है कि इस योजना के 40 प्रतिशत तक की कमीशनखोरी हो रही है।

26 प्रतिशत शराब दुकानें मां-बहनों को दें

श्री मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार की गलतियों को उजागर करने पर मुझ पर केस कर दिया जाता है। अब तक आधा दर्जन से ऊपर केस मेरे ऊपर किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी मैंने शराब घोटाले के बारे में जो कहा था, वही हुआ। राज्य में फिर से शराब घोटाले की पटकथा लिखी जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि राज्य की 26 प्रतिशत शराब दुकान सड़क किनारे हड़िया दारू बेचने वाली आदिवासी माता और बहनों को दिया जाये, ताकि, वे अपना गुजर बसर कर सकें।

बदलाव का आभास दे चुकी है यात्रा

श्री मरांडी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्टूबर को हजारीबाग में करेंगे। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा के क्रम में इस बात का आभास हुआ है कि राज्य की जनता वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार के झूठ, ठग और भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी है। इसे बदलने का मन बना चुकी है। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version