पीएम मोदी की असम को 12 हजार करोड़ की सौगात, दुनिया के पहले बांस आधारित एथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन
-हमारे पैसों से विदेशों में रोजगार बनते हैं, इसको बदला जाना जरूरी, भारत आत्मनिर्भर बनने की राह पर
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम में नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) में असम बायो एथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन किया और नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) में पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र की आधारशिला भी रखी। पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां बांस से एथेनॉल बनाने की शुरूआत हुई है। इसका असम के लोगों को फायदा होगा। सरकार यहां के किसानों को बांस की खेती करने में मदद करेगी और खरीदी भी करेगी। असम और पूर्वोत्तर आत्मनिर्भर भारत अभियान का केंद्र है। पीएम मोदी ने कहा कि असम को 12 हजार करोड़ की सौगात दी गई है। ये उद्यम असम के विकास को गति देंगे। भारत दुनिया का सबसे तेजी से विकसित होने वाला देश है। जैसे-जैसे भारत विकसित हो रहा है, वैसे-वैसे बिजली, ईंधन की जरूरतें बढ़ रही हैं। हम इन चीजों के लिए विदेशों पर निर्भर रहे हैं। हमारे पैसों से विदेशों में रोजगार बनते हैं। इसको बदला जाना जरूरी है। भारत आत्मनिर्भर बनने की राह पर बढ़ चला है।

मेक इन असम और मेक इन इंडिया की नींव मजबूत हो रही है
उन्होंने कहा कि वो दिन भूलने नहीं है कि पिछली सरकार बांस काटने पर जेल में डाल देती थी। बांस आदिवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। हमारी सरकार से बांस काटने से बैन हटा दिया। आज यह फैसला पूर्वोत्तर के लोगों को फायदा पहुंचा रहा है। मेक इन असम और मेक इन इंडिया की नींव मजबूत होने वाली है। अब असम की पहचान में पॉलीप्रोपाइलीन से बने उत्पाद होंगे। भारत को आत्मनिर्भर होने के लिए ऊर्जा और सेमीकंडक्टर चाहिए। असम की इसमें बड़ी भूमिका है। आज हर इलेक्ट्रॉनिक चीज की आत्मा छोटी चिप में होती है। यह चिप भारत में ही बनेगी। सेमी कंडक्टर का बड़ा आधार असम को बनाया है। असम में 27 हजार करोड़ से प्रोजेक्ट बन रहा है।

कांग्रेस ने असम में घुसपैठ को बढ़ावा दिया
पीएम मोदी ने घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि असम के सामने सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठ है। कांग्रेस ने असम में घुसपैठ को बढ़ावा दिया है। आदिवासियों की जमीनें घुसपैठियों को दे दी गईं। भाजपा सरकार असम के लोगों के साथ मिलकर घुसपैठियों का मुकाबला कर रही है। घुसपैठियों से जमीन मुक्त करा रही है। आदिवासियों और लाखों परिवारों को भूमि के पट्टे दिए जा रहे हैं।

हमारा मंत्र नागरिक सेवो भव:
उन्होंने कहा कि जनजातियों के साथ हुए अन्याय को भाजपा खत्म कर रही है। हमारा मंत्र नागरिक सेवो भव: है। असम में गरीबों को ठुकराया गया। क्योंकि कांग्रेस का काम एक वर्ग से हो जाता था। भाजपा तुष्टीकरण नहीं संतुष्टिकरण पर जोर देती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version