रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रांची महानगर ने “नशा मुक्त रांची” थीम पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व युवा मोर्चा रांची महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने किया।
रोमित नारायण सिंह ने बताया कि दौड़ का उद्देश्य प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त भारत और समृद्ध भारत” के संकल्प के प्रति युवाओं में जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से की।
भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इस मौके पर कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन को स्वस्थ और सशक्त बनाना होगा। नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज को कमजोर करता है। आज यह मैराथन इस संकल्प का प्रतीक है कि हम रांची और भारत को नशा मुक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा ही समाज का आधार हैं और उनकी भागीदारी हमें एक मजबूत और जागरूक भारत की ओर ले जाएगी।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि नशा मुक्त समाज हमारी सबसे बड़ी जरूरत है। युवाओं की ऊर्जा और जोश को सही दिशा में लगाना जरूरी है। आज रांची में युवाओं ने जोश और उत्साह से यह मैराथन दौड़ पूरी की, वह यह दर्शाता है कि हमारी आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और जागरूक बनकर नशे के खिलाफ अभियान में आगे आएगी। प्रधानमंत्री मोदी का संदेश हमें प्रेरित करता है कि हर युवा नशा मुक्त जीवन अपनाए और समाज के लिए प्रेरणा बने।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि नशा मुक्ति केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि समाज की मजबूती का प्रतीक है। युवा ही राष्ट्र की ताकत हैं और उनका इस तरह से सक्रिय होना हमें एक नशा मुक्त और सशक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देता है।
यह दौड़ मोराबादी मैदान से शुरू होकर करमटोली चौक, जेल मोड़ चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, शहीद चौक होते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में समाप्त हुई। विजेताओं को कर्मवीर सिंह ने सम्मानित किया। प्रथम पुरस्कार के तौर पर 21 हजार, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 5100 रुपये नकद दिया गया। 10 अव्वल प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन धर्मवीर सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में वरुण साहू, विनय जायसवाल, राकेश भास्कर, रमेश सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, रोशन साहू, रोहित साहू सहित हजारों युवाओं ने भाग लिया