पटना। राजद प्रमुख लालू यादव ने सोशल मीडिया पर बिहार में बंद पर टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में ना लें? यह बिहार है। भाजपा के गुंडे-मव्वाली सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों को गालियां दे रहे है, उनके साथ हाथापाई कर दुर्व्यवहार कर रहे है? क्या यह उचित है? शर्मनाक!

अपमान का जवाब जनता देगी: चिराग
पटना। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राजद-कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत माताजी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करके भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। उसके विरोध में एनडी के द्वारा दोपहर 12 बजे तक बंद का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि जब मेरे परिवार को राजद नेता तेजस्वी यादव के सामने गालियां दी गयी थी, उस समय भी इन लोगों ने मौनधारण कर लिया था। लोकसभा चुनाव में लोगों ने इनको जवाब दे दिया। इस बार विधानसभा चुनाव में भी जनता इनको जवाब देगी।

लोगों ने बंद का समर्थन किया: प्रदीप सिंह
पटना। भाजपा सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि पीएम की मां पर हुई अभद्र टिप्पणी को लेकर लोगों में आक्रोश है। लोग खुद से ही दुकान बंद कर प्रदर्शन में साथ दे रहे हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी को देश से माफी मांगनी होगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version