रांची। देश के अन्य प्रांतों की भांति झारखंड में भी दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो गयीं हैं। पुलिस प्रशासन अभी से अलर्ट पर है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने दुर्गा पूजा को लेकर राज्य में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किये हैं। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार आगामी पर्वों एवं त्योहारों के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां 20 सितंबर से चार अक्टूबर तक रद्द कर दी गयी हैं।
छुट्टियां रद्द करने का यह फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि दुर्गा पूजा के दौरान राज्य के सभी जिलों में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी। कानून और व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाये रखने के लिए, जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी, जिले के एसपी और कमांडेंट जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में पर्याप्त बल उपलब्ध हो। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार केवल विशेष परिस्थितियों में ही संबंधित अधिकारी की अनुमति से छुट्टी स्वीकृत की जायेगी। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय ने सभी कार्यालयों में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों (इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक) को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।