रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को दी गयी है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य के कई इलाकों में गर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मंझरी में 21 मिलीमीटर दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 34.6 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रांची और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बीच-बीच में धूप भी खिली रही। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, जमशेदपुर में 32.7डिग्री, डालटेनगंज में 30.4 डिग्री, बोकारो में 33.2 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।