रांची। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामचंद्र अठावले ने आर्थिक आधार पर आरक्षण दिये जाने की वकालत की है। उन्होंने एससी/ एसटी/ओबीसी के लिए देय 50 फीसदी आरक्षण के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आरक्षण की मांग कर रहीं ऐसी विभिन्न जातियां, जिनकी वार्षिक आय आठ लाख से कम हो, उन्हें अलग से 25 फीसदी आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीए में इस पर चर्चा हो रही है। सहमति बनी, तो 75 फीसदी अरक्षण का प्रावधान किया जायेगा। इसमें 25 प्रतिशत आरक्षण आर्थिक अधार पर पिछड़ों के लिए होगा। उन्होंने एससी/एसटी एक्ट में किसी तरह के बदलाव का विरोध किया।

सीएम रघुवर से मुलाकात की : अठावले शुक्रवार को रांची पहुंचे थे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास से औपचारिक मुलाकात की। इसके बाद प्रोजेक्ट भवन में कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। मीडिया से बातचीत के दौरान 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर अठावले ने कहा कि एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सरकार ही बनेगी।

दोषी पाये जाने पर इस्तीफा दें अकबर
अठावले ने केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर लग रहे यौन उत्पीड़न के आरोप पर कहा कि इसकी जांच होने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा। मीटू के सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाये जाने पर एमजे अकबर को त्यागपत्र दे देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से राफेल सौदे पर लगातार की जा रही बयानबाजी पर कहा कि इस मामले में राहुल गांधी अपनी छवि धूमिल कर रहे हैं। अठावले ने राम मंदिर के मामले में कहा कि इस विवाद को हिंदू-मुस्लिम मिल कर सुलझायें। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करने को कहा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version