रांची। सार्वजनिक कार्यक्रम में पाकिस्तान और मुसलमानों को ललकारने वाली कोडरमा जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता रविवार को भाजपा में शामिल हुईं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलायी। शालिनी गुप्ता दो जून को कोडरमा के कोलगरमा में पाकिस्तान मुसलमानों के खिलाफ बयान देकर सुर्खियों में आयी थीं। ईद के दौरान नमाज अदा करने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद के क्रम में शालिनी ने कहा था कि पूरा पकिस्तान भी उठकर आ जाये, तो नमाज अदा नहीं होगी, तो नहीं होगी। उस समय शालिनी के इस बयान के बाद काफी बावेला मचा था। भाजपा में शामिल होने के बाद कोडरमा जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कहा कि भाजपा एक पार्टी नहीं विचारधारा है। मैं अपना कण-कण और क्षण-क्षण पार्टी को मजबूत करने में लगाऊंगी।

कभी झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के सबसे वफादार कहे जानेवाले सूरज मंडल ने भी रविवार को भाजपा का चोला ओढ़ लिया। सूरज मंडल सबसे ज्यादा शिबू सोरेन की ही बखिया उधेड़ते हैं। झारखंड की राजनीति में कभी सुर्खियों में रहनेवाले सूरज अभी अस्त होने के कगार पर थे। उन्हें अपनी राजनीति के लिए कोई मजबूत जमीन नहीं मिल रही थी। कह सकते हैं कि सूरज मंडल झारखंड की राजनीति में गुमनाम होने के कगार पर पहुंच गये थे। भाजपा को भी एक ऐसे नेता की तलाश थी जो झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के खिलाफ मुखर हो। सूरज मंडल के रूप में भाजपा को शिबू के खिलाफ बोलनेवाला एक मुखर व्यक्ति मिल गया। भाजपा में शामिल होने के बाद ही सूरज मंडल ने शिबू सोरेन के खिलाफ आग उगलना शुरू कर दिया।

उन्‍होंने कहा कि हमने झारखंड आंदोलन की लड़ाई राज्य के लिए लड़ी थी, न कि किसी परिवार के बेटा, बहू के सुख के लिए। आंदोलन की पीड़ा मुझे लगातार सता रही थी। मैंने शहीदों के सपनों के अनुरूप झारखंड बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शक्तिशाली और विकसित हुआ है। भाजपा ने मुझे प्लेटफार्म देकर अवसर दिया है, उसके लिए मैं पार्टी का आभारी हूं। नरेंद्र मोदी को पुन: पीएम बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया। कहा कि कोई भी ताकत मोदी को फिर से पीएम बनने से नहीं रोक सकती क्योंकि जनता मोदी के साथ है।

देश की जनता को सिर्फ भाजपा पर भरोसा : गिलुआ
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि देश की जनता को सिर्फ भाजपा पर भरोसा है। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र को समर्पित पार्टी है, जबकि अन्य सभी पार्टियां परिवार और खानदान को समर्पित हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है। विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। प्रदेश में रघुवर दास के नेतृत्व में विकसित झारखंड का स्वप्न साकार हो रहा है। कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार अंत्योदय के सपने को साकार कर रही है।

विभिन्न दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में विभिन्न दलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होनेवालों में रड़गांव काली मंदिर के महंत सीताराम बाबा, आप पार्टी रांची के संयोजक सुनील कुमार सिंह, पूर्व पुलिस अधिकारी घसिया उरांव, अरुण मंडल, मनोज कुमार, राजन सिंह, नंदलाल साहू, विक्रम मंडल, कलाचंद बेसरा, प्रयाग वर्मा, राजनाथ ठाकुर, बिहारी शर्मा, आकाश देशप्रेमी, गणेश सिंह, मनोज पाठक, मुकेश सिंह, बीरबल सेन, रोपना महली, औनी नायक, अनिल भगत, शहदेव यादव, पवन राणा, विशाल भदानी, शंकर ठाकुर, संजय साव, दीपक गुप्ता, अभिषेक रंजन, रिंकी देवी, मनोज साव सहित अन्य शामिल हैं। कार्यक्रम में मोबाइल नंबर द्वारा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो आदित्य साहू ने उपस्थित लोगों को आॅनलाइन सदस्यता ग्रहण करायी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने किया। मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह प्रभारी संजय जयसवाल, युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित सिंह, राकेश चौधरी, संजय पोद्दार, तारिक इमरान उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version