रांची। राजधानी की हातमा बस्ती में पिछले सप्ताह जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गयी थी। इसके बाद से ही हातमा बस्ती में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को बस्ती के बच्चों ने लोगों को जागरूक करने के लिए अनूठी पहल की। बच्चों ने पूरी बस्ती में जागरूकता रैली निकाली।
सरकार से शराबबंदी की गुहार लगायी गयी
हाथों में तख्तियां लेकर चलते बच्चों ने लोगों को संदेश दिया कि हड़िया-दारू हमें अनाथ बना रहे हैं। इसलिए अब शराब बंद कर दो। सरकार से भी शराबबंदी की गुहार लगायी गयी। बस्ती के लोगों से न शराब बनाने और न पीने की अपील की गयी। पूरी बस्ती की महिला और पुरुष, बच्चों की इस पहल से इतने प्रभावित हुए कि वह भी जागरूकता रैली में शामिल हो गये।
महिलाओं ने शराब के खिलाफ अभियान छेड़ा
बस्ती में अब शराब की बिक्री करने पर रोक लगाने का प्रण लिया गया है। साथ ही कई लोगों ने शराब नहीं पीने का वादा बच्चों से किया। मालूम हो कि हातमा बस्ती में सात परिवार के सदस्य जहरीली शराब के शिकार हो गये थे। इसके बाद से महिलाओं ने शराब के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है।