रांची। मां दुर्गा का आशीर्वाद शुक्रवार को राजधानी के भक्तों पर बरस पड़ा। षष्ठी को बेलवरण के साथ राजधानी के पूजा पंडाल भक्तों के दर्शनार्थ खुल गये। इसी के साथ मां दुर्गा के श्रद्धा के आलोक में रांची नहाने लगी। बकरी बाजार स्थित भारतीय नवयुवक संघ का पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। हालांकि शहर के सभी पूजा पंडालों में मां की मनमोहक छवि निहारने के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही।
बकरी बाजार स्थित भारतीय नवयुवक संघ के पूजा पंडाल में बौद्ध धर्म के अनुरुप मां की प्रतिमा का निर्माण किया गया है। पचास लाख के कुल खर्च से इस वर्ष आयोजित हो रही इस पूजा पंडाल की थीम स्वर्ग में रेनबो है। पंडाल का आॅडिटोरियम चालीस हजार मिठाई के डब्बों से निर्मित है। यहां विशेष लाइट सज्जा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। भारतीय नवयुवक संघ के डायरेक्टर वसंत कुमार शर्मा ने बताया कि यहां स्थापित की गयी मां की प्रतिमा 25 फीट की है। वहीं पंडाल का निर्माण कोलकाता और बंगाल से आये कलाकारों ने डेढ़ महीने की मेहनत से तैयार किया है।
थाईलैंड के बौद्ध मंदिर का प्रदर्श दिख रहा है चंद्रशेखर आजाद पूजा पंडाल में
चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के मेन रोड स्थित पूजा पंडाल में थाईलैंड के बौद्ध मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। इसका इस वर्ष का बजट 30 लाख रुपये है और इस पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गे की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकार राम पाल ने किया है। इस पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह हैं। शुक्रवार को बेलवरण के बाद इस पूजा पंडाल का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा और डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय उपस्थित थे।
कोकर में पहाड़ बनाकर किया गया है पूजा पंडाल का निर्माण।
आरआर स्पोर्टिंग क्लब रातू रोड का भव्य पूजा पंडाल।
रांची रेलवे स्टेशन पर बना भव्य पूजा पंडाल।