Mumbai: टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री का कहना है कि महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर राय देना उनके प्रति सम्मान का भाव नहीं है। शास्त्री ने शनिवार को एक इंटरव्यू में कहा, “धोनी पर बयान देने वालों में से आधे लोग अपने जूतों के फीते तक सही से नहीं बांध पाते। भारत के लिए 15 साल खेलने वाले खिलाड़ी को क्या यह नहीं पता होगा कि कब क्या करना सही होगा?” शास्त्री ने सौरव गांगुली को बीसीसीआई अध्यक्ष बनने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा. “मैं गांगुली को दिल से बधाई देना चाहता हूं। उनकी नियुक्ति भारतीय क्रिकेट के लिए सही दिशा में उठाया गया कदम है।”
गांगुली को हाल ही में निर्विरोध भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का नया अध्यक्ष चुना गया। बोर्ड का संचालन कर रही सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) के 33 महीने के कार्यकाल के बाद अब बोर्ड की कमान उनके हाथों में सौंपी गई। दूसरी तरफ, धोनी के संन्यास को लेकर हर बार चयन प्रक्रिया के दौरान अटकलें लगाई जाती हैं। पूर्व कप्तान को बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया।
शास्त्री ने कहा, “धोनी पर बयान देने वालों को देखना चाहिए कि उन्होंने देश के लिए क्या उपलब्धियां हासिल की हैं। लोग इतनी जल्दी में क्यों हैं? शायद उनके पास बात करने के लिए कोई और मुद्दा नहीं है। धोनी को जानने वालों को पता है कि वे जल्दी ही इस खेल से दूर हो जाएंगे, तो फिर इसे जब होना है, तब होने दो न।”