रांची। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास की अगुआई वाली भाजपा सरकार पिछले पांच वर्षों में जनता की उम्मीदों के अनुरूप काम नहीं कर पायी है। भाजपा की अंदरुनी कलह के चलते पिछले पांच सालों में झारखंड को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महागठबंधन की सरकार बनने पर हर घर से एक व्यक्ति को नौकरी दी जायेगी। नहीं तो उस परिवार में बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा। कहा कि मोमेंटम झारखंड के माध्यम से 900 करोड़ रुपये की लूट और कोनार परियोजना निर्मित बांध के माध्यम से 2200 करोड़ रुपये का नुकसान लोग भूल नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि रघुवर दास कैबिनेट के दो मंत्रियों का सरेआम रिश्वत मांगने से संबंधित आॅडियो, किसानों की आत्महत्या, भूख से मौत, आदिवासियों के आंदोलन को अलोकतांत्रिक तरीके से कुचलने के मसले पर लोगों में आक्रोश है। प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह बुधवार को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की जन आक्रोश रैली में बोल रहे थे। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने रांची के विधानसभा मैदान में जन आक्रोश रैली कर शक्ति का प्रदर्शन किया।

किसानों के कर्ज को माफ करेंगे: रामेश्वर
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने जन आक्रोश रैली में वादों की झड़ी लगा दी। कहा कि गठबंधन की सरकार बनी, तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे। छह माह में सभी रिक्त पदों को भरेंगे। उन्होंने भ्रष्टाचार रहित शासन का वादा किया। एक-एक किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलायेंगे। जमीन जो सरकार ने लिया है, उसे वापस करवायेंगे।

सरकार को उखाड़ कर भगाइये : सुबोधकांत
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा यह राज्य अकेला राज्य है, जहां भूख से मौत हो रही है। इसके कारण इस आक्रोश रैली में लोगों का सरकार के प्रति आक्रोश दिख रहा है। मॉब लिंचिंग, किसानों की आत्महत्या, 14 हजार स्कूलों को बंद कर दिया गया। कई लोग भूख से मर गये। लोग परिवर्तन चाह रहे हैं।

बदलाव की बयार: जयसवाल
युवा नेता आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र और राज्य सरकार जिस हिटलरी व्यवस्था में चल रही है, उससे देश की जनता त्रस्त है। पानी, बिजली, सड़क, सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में सरकार पूरी तरह से विफल है। उन्होंने कहा कि आज झरखंड में बेरोजगारों की गिनती में राज्य को जाना जाता है।

जन आक्रोश रैली में ये थे शामिल
जन आाक्रोश रैली में विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व विधायक ददई दुबे, सांसद गीता कोड़ा, पूर्व विधायक गीताश्री उरांव, राज्यसभा सांसद धीरज साहू, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं केशव महतो कमलेश, मानस सिन्हा, आलोक दुबे आदि नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version