फिल्म अभिनेता विवेक ओबेराय के मुंबई स्थित आवास पर गुरुवार को बेंगलुरु पुलिस ने ड्रग्स मामले के फरार आरोपित को ढूंढने के लिए तलाशी ली, लेकिन फरार आरोपित आदित्य अल्वा नहीं मिला, जिससे बेंगलुरु पुलिस वापस लौट गई।
सूत्रों के अनुसार बेंगलुरु पुलिस ने कनार्टक में फिल्म अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी के पास से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया था। इसी मामले की छानबीन में आदित्य अल्वा का नाम सामने आया था और उस पर बेंगलुरु में मामला दर्ज किया गया है। आदित्य अल्वा विवेक ओबेराय का साला है। बेंगलुरु पुलिस को सूचना मिली थी कि आदित्य अल्वा विवेक ओबेराय के मुंबई स्थित आवास में छिपा है। इसी वजह से बेंगलुरु पुलिस ने सर्च वारंट के साथ आज विवेक ओबेराय के घर की तलाशी ली। लेकिन आदित्य अल्वा घर पर नहीं मिला, इसलिए बेंगलुरु पुलिस कर्नाटक लौट गई। बेंगलुरु पुलिस ने इस बारे में कोई भी जानकारी मीडिया को साझा नहीं किया है।