रांची। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी से झारखंड भी अछूता नहीं है। बिहार के 10 जिलों की सीमाएं झारखंड से सटी हैं और यहां की लगभग पांच दर्जन सीटों पर प्रत्यक्ष-परोक्ष तौर पर चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने में झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता-नेताओं की अहम भूमिका होगी। इस रेस में सशक्त संगठनात्मक ढांचेवाली भाजपा सबसे आगे दिख रही है।
सीमावर्ती जिलों में झारखंड भाजपा के नेता कर रहे कैंप
भाजपा के प्रमुख नेताओं की एक टीम पिछले 15 दिनों से झारखंड से सटे बिहार के जिलों में कैंप कर रही है। इसकी कमान प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के हाथ में है। झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा के मुताबिक फिलहाल जहानाबाद, अरवल, गया, नवादा, औरंगाबाद, जमुई, भागलपुर, बांका आदि जिलों में अनुभवी नेताओं की टीम धरातल पर काम करने में जुटी है। जल्द ही दूसरा दल भी वहां के लिए रवाना होगा। इन नेताओं के जिम्मे चुनाव की आधारभूत संरचना तैयार करने का जिम्मा है।
इसमें बूथ स्तर की संरचना और लगातार कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों संग संपर्क का कार्य है। स्थानीय इकाई की योजना के मुताबिक भी परिस्थिति के अनुरूप कार्यकर्ताओं को खास टास्क दिये जाते हैं। ऐसे अनुभवी कार्यकर्ताओं का आदान-प्रदान हर चुनाव में होता है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था जल्द जायेगा बिहार
झारखंड प्रदेश कांग्रेस भी बिहार चुनाव के मद्देनजर तैयारियों में जुटी है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर के मुताबिक चुनाव में योजना के मुताबिक नेताओं-कार्यकर्ताओंं का जत्था बिहार के लिए रवाना होगा और कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए कार्य करेगा। इसकी संरचना राष्ट्रीय स्तर पर मिले दिशा-निर्देश के मुताबिक तय की जायेगी।
झामुमो भी सीमावर्ती जिलों में चलायेगा प्रचार अभियान
बिहार में सत्तारूढ़ जदयू का झारखंड में संगठनात्मक ढांचा बहुत प्रभावी नहीं है। इसके बावजूद सीमावर्ती जिलों में शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार नेता-कार्यकर्ता अभियान चलायेंगे। इसके अलावा राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा भी बिहार में कुछ सीटों पर राजद के तालमेल से प्रत्याशी देने की तैयारी में है। झारखंड में दोनों सहयोगी दल हैं। इस नाते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिहार चुनाव में झारखंड से सटे जिलों में प्रचार अभियान चलायेंगे।
रिम्स में इलाजरत लालू यादव पर सबकी नजर
चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर भी चुनाव के दौरान खास फोकस होगा। फिलहाल वे रिम्स अस्पताल के निदेशक के बंगले में हैं और यहां उनसे मिलने के लिए राजद के प्रमुख नेताओं और टिकट की आस में आने वालों का जमघट लगा रहता है। उनकी जमानत अर्जी पर भी हाइकोर्ट में सुनवाई होनी है। कोर्ट के निर्णय पर सबकी नजर है। फैसला उनके पक्ष में आया तो राजद का मनोबल ऊंचा होगा।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

