रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य गठन के बाद पहली बार जिला खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति हो रही है। जिस राज्य में खेल की अपार संभावनाएं हों, वहां खेल की व्यवस्था स्थापित ना हो सके, यह गंभीर विषय था। सरकार गठन के साथ ही खेल को लेकर चिंतन-मंथन किया जा रहा है। वर्तमान सरकार ने राज्य की आंतरिक क्षमताओं को जानने, समझने और उभारने का निर्णय लिया है। आज का दिन ऐतिहासिक है। वह गुरुवार को नव चयनित खेल पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब तक पूरे राज्य में सिर्फ एक खेल पदाधिकारी हर काम करता था। अब वही काम अलग-अलग जिलों में 24 खेल पदाधिकारी पूर्ण करेंगे। इसके साथ ही खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी नवनियुक्त जिला खेल पदाधिकारियों पर भी है और सरकार को भरोसा है कि वे इस जिम्मेवारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के भाव से पूर्ण करेंगे। झारखंड खनिज संपदा के समतुल्य खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान बनायेगा।
खेल नीति तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी खेल नीति तैयार हो चुकी है। जल्द इसे मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति हेतु रखा जायेगा। राज्य के युवाओं को हुनर दिखाने का अवसर जल्द मिलेगा। राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए पोर्टल दुर्गा पूजा से पूर्व लांच करने की योजना बना रही है, जहां मौजूदा खिलाड़ी, प्रशिक्षक रेफरी, सेवानिवृत्त खिलाड़ी अपना पूर्ण विवरण दर्ज करा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ बच्चे सीधी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। पूर्व में सीधी नियुक्ति हुई थी। लेकिन इस दौरान कई बच्चों ने अपना जौहर दिखाया है। वे इससे छूट ना जायें, इसलिए सरकार ने एक माह का समय दिया है, ताकि बच्चे अपना आवेदन दे सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोटो हो खेल योजना का शुभारंभ किया गया। इसके तहत ग्रामीण स्तर पर खेल का मैदान तैयार हो रहा है। सरकार पंचायत से लेकर राजधानी तक नेटवर्क बनाने की तैयारी में है, ताकि खेल के विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित हों और खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकें।
लॉटरी से पदस्थापन
नवनियुक्त जिला खेल पदाधिकारियों का पदस्थापन लॉटरी के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष ही संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने खुद पर्ची खोल उनके पदस्थापन की घोषणा की। नव चयनित पदाधिकारियों ने बॉक्स से पर्ची निकाल मुख्यमंत्री को सौंपा और मुख्यमंत्री ने पर्ची में लिखे जिला के नाम की घोषणा की। गृह जिला आने पर पुन: उनसे पर्ची निकलवा पदस्थापित किया गया। अधिसूचना पर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने अपने हस्ताक्षर समारोह के दौरान ही किये।
ये रहे उपस्थित : मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग पूजा सिंघल, नवनियुक्त जिला खेल पदाधिकारी उपस्थित थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



