धनबाद। गुंडों और अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए। जो भी गड़बड़ी करेंगे वे पूरी ताकत से कुचले जायेंगे। किसी भी परिस्थिति में कानून व्यवस्था से खेलनेवालों को बख्शा नहीं जायेगा। उक्त बातें सोमवार को जिला के पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस मुख्यालय में समीक्षा बैठक करने धनबाद पहुंचे झारखंड के डीजीपी एमवी राव ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करने के दौरान कहीं। वहीं इससे पूर्व बरवाअड्डा स्थित एयरपोर्ट पर वरीय पुलिस अधीक्षक असीम विक्रांत मिंज सहित अन्य ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और इस दौरान उन्हें जवानों ने गार्ड आॅफ आॅनर दिया।
किसी को कानून से खेलने की छूट नहीं
समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से मुताखिब होते हुए डीजीपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भ्रम में न रहे, वे सरकारी नौकर हैं, विधि व्यवस्था उनकी जिम्मेवारी है और इसमें किसी को छूट दिये जाने की गुंजाइश नहीं है। पिछले 33 वर्षों से वे इस सेवा में हैं। कई विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने कार्य किया है।
राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य
इस दौरान पत्रकारों द्वारा राज्य में गिरती विधि-व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। झारखंड पुलिस निडर और निष्पक्ष होकर पूरी तत्परता और पारदर्शिता से अपना कार्य कर रही है। यही पुलिस कल थी, आज है और कल भी रहेगी। इसी प्रकार काम करेगी। परिस्थितियां बदली हैं लेकिन पुलिस मुस्तैदी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करेगी। कहा कि संगठित अपराध पर कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। वैसे लोगों की लिस्ट भी बनायी जा रही है, जो विभिन्न तरह के संगठित अपराध में शामिल रहे हैं। वांछित लोगों को जेल भेजा जायेगा। वैध स्रोत के बिना अचानक रातों-रात धनवान बने लोगों की कुंडली खंगालने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान झारखंड के पुलिस महानिदेशक एमवी राव, कोयला प्रक्षेत्र बोकारो के डीआइजी प्रभात कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक असीम विक्रांत मिंज, सिटी एसपी आर रामकुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
गुंडों और अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए: डीजीपी
Previous Articleदर्द वाली डगर कोई भूला नहीं है: रामेश्वर उरांव
Next Article दुमका उपचुनाव : कई मायने में होगा खास