रांची। दुमका और बेरमो सीट के लिए एनडीए के नेताओं ने संयुक्त चुनावी अभियान का आगाज सोमवार को किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, गिरिडीह से सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और बेरमो से एनडीए के प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल ने आजसू के केंद्रीय कार्यालय में संंयुक्त प्रेसवार्ता में मीडियाकर्मियों को संबोधित किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि इस बार दुमका और बेरमो हमारी झोली में होगा।
दोनों सीटें जीतेंगे : मरांडी
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने यह दावा किया कि हम दुमका और बेरमो दोनों सीटें जीतेंगे। आजसू कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा, राज्यसभा चुनाव में हम मजबूती से मिलकर लड़े और जीत हासिल की, इसी तरह उपचुनाव में भी हम जीतेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ट्रांसफर-पोस्टिंग उद्योग बन गया है।
वादाखिलाफी के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव : सुदेश महतो
प्रेस कांफ्रेंस में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि राज्य में दिशाहीन नेतृत्व और वादाखिलाफी के खिलाफ हम संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में महागठबंधन की सरकार के कार्यकाल के दस महीने गुजर गये हैं, पर राज्य सरकार अभी तक अपनी प्राथमिकता तक तय नहीं कर पायी है। सरकार अपने वादों पर दो कदम भी आगे नहीं बढ़ पायी है। श्री महतो ने कहा कि बेरमो और दुमका चुनाव हमारे लिए कई कारणों से महत्वपूर्ण है। हम दुमका की जनता के विश्वास को जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बेरमो जैसे कोयलांचल क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं। हम योगेश्वर महतो बाटुल के नेतृत्व में बेरमो की जनता का विश्वास जीतेंगे।
परिवारवाद बनाम लोकतंत्र की लड़ाई : दीपक प्रकाश
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि जब-जब आजसू और भाजपा ने मिल कर चुनाव लड़ा है, परिणाम बेहतर आये हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और आजसू का नैसर्गिक और नेचुरल एलायंस है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव परिवारवाद बनाम लोकतंत्रवाद की लड़ाई है। राज्य में जब से महागठबंधन की सरकार बनी है राज्य की कानून व्यवस्था बदतर होती जा रही है।
लुइस आज, बाटुल कल करेंगे नामांकन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि दुमका में 13 अक्टूबर को लुइस मरांडी नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान आजसू, लोजपा, जदयू और झामुमो मार्डी गुट के नेता उपस्थित रहेंगे। वहीं 14 को बेरमो के तेनुघाट कोर्ट में योगेश्वर महतो बाटुल नामांकन दाखिल करेंगे। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और पार्टी के गिरिडीह से सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी इस दौरान उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों चुनावोें के लिए एनडीए की संयुक्त चुनाव संचालन समिति बनेगी। हम लंबे समय तक साथ मिलकर काम करेंगे। हम साथ मिलकर इतिहास लिखेंगे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



