दुमका। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा के पापों का घड़ा पहले ही फूट चुका है। पांच साल तक यही राग अलापते रहे कि विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जायेगा। अभी आलम यह है कि विपक्ष में उन्हें विपक्ष का नेता नहीं मिल रहा। जिनका सिर ही ना हो, तो धार से क्या होगा। अब स्थिति यह है कि बोरो प्लेयर से घर भरने का काम कर रहे हैं। इनके रग-रग और नस-नस से हम लोग वाकिफ हैं। चुनावी मैदान सज रहे हैं। जैसे-जैसे वह गेंद फेंक देंगे, हर गेंद में छक्का लगेगा। उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को दुमका के खिजुरिया स्थित आवास पर पत्रकारों से कहीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी बसंत सोरेन के नामांकन के बाद गठबंधन दलों के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे।
हेमंत सोरेन ने कहा कि वैश्विक महामारी में बहुत कम अवधि के लिए हम लोगों ने विधानसभा सत्र चलाया था। लोगों ने देखा कि विपक्ष के पास कितने सारे मुद्दे थे। वे महीने, साल भर के पुराने मुद्दे की पेपर कतरन को लेकर विधानसभा सत्र में सवाल उठा रहे थे। इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके पास कितने मुद्दे थे। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। जिस तरीके से भाजपा ने राजनीतिक परिभाषा बदलने का प्रयास किया है। हम लोग हर कोने से जवाब देने के लिए सक्षम हैं। बिहार में भी भाजपा गठबंधन धराशायी होगा।
बेरमो-दुमका में जीतेंगे
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के बेरमो और दुमका दोनों उपचुनाव में गठबंधन साथियों का सहयोग प्राप्त कर गठबंधन के प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे। मैदान सज गया है। पूरे राज्य में दुमका विधानसभा सीट हमेशा सुर्खियों में रही है। झारखंड की सियासत में इसकी एक अलग पहचान है। इस बार रिकॉर्ड मतों से दोनों प्रत्याशी जीतेंगे। 14 अक्टूबर को गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी जयमंगल सिंह बेरमो से नामांकन करेंगे।
दोनों सीटें जीतेंगे : आलम
संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि दुमका की धरती गुरु जी की धरती है। आज भी इस क्षेत्र में उनका आशीर्वाद प्राप्त है। 2019 में झारखंड की जनता ने मन बना लिया था कि गठबंधन की सरकार बनायेंगे। यह सरकार 2024 तक काम करेगी, इसके बाद इनके काम का आकलन जनता करेगी। इसलिए दोनों सीट आसानी से गठबंधन के उम्मीदवार भारी अंतर से जीतेंगे। श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि कोविड-19 में सरकार ने जो काम किया है, इसकी बदौलत हम लोग दोनों सीटें जीतेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version