-छत्तीसगढ़ के विधायक विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निमंत्रण पत्र हेमंत सोरेन को सौंपा
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र लिख कर “राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021” में शामिल होने का आग्रह किया है। 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कायर्क्रम आयोजित किया जा रहा है। बघेल ने हेमंत को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके आवास पर छत्तीसगढ़ के विधायक व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने मुलाकात की और आमंत्रण पत्र दिया।
विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में देश और विश्व की सबसे प्राचीन आदिम सभ्यताएं आज भी जीवित हैं। इन सभ्यताओं के संरक्षण तथा उनके मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी संस्कृति, लोक नृत्य, और लोक संगीत तथा लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा “राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021” का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी लोक गीत-संगीत तथा नृत्य क्षेत्र के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
विधायक विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपकी गरिमामयी आगमन से छत्तीसगढ़ की धरा में आयोजित इस महोत्सव की शोभा बढ़ेगी। इस अवसर पर उन्होंने हेमन्त सोरेन को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आदिवासी लोक शिल्प बस्तर आर्ट से बनी स्मृति चिन्ह भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने विनोद चंद्राकर को धन्यवाद दी तथा उक्त महोत्सव के सफल आयोजन हेतु छत्तीसगढ़ सरकार को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, राज्य प्रशासनिक सेवा छत्तीसगढ़ के अधिकारी राकेश कुमार गोलछा एवं अन्य मौजूद थे।