• वादाखिलाफी कर रही सरकार : भाजपा

आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। प्रदेश भाजपा ने राज्य सरकार पर ओबीसी आरक्षण मसले पर ठगी और वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा जाकिर हुसैन पार्क, रांची (राजभवन के समीप) में निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण नहीं दिये जाने के मसले पर गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय महाधरना में सरकार को इसके लिए कटघरे में खड़ा किया गया। भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन के समय कांग्रेस ने जिम्मेदारी नहीं निभायी। अगर वह चाहती तो और पहले झारखंड बन गया होता। अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग राज्य की सौगात दी। अब सत्तारूढ दल ओबीसी आरक्षण पर सबों को ठगने में लगा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश, सांसद आदित्य साहू, संजय सेठ, पूर्व विधायक मनोज यादव समेत अन्य नेताओं ने भी नगर निकाय चुनाव में ओबीसी को आरक्षण से वंचित किये जाने पर आलोचना की।

कोर्ट में किये दावों से मुकर रही सरकार : बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब वे सीएम थे, तो उन्होंने ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया था। हालांकि बाद में हाइकोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। इससे जुड़े मसले पर सुप्रीम कोर्ट और तमिलनाडु विवाद के कारण उस समय इस मामले को वहां रखना संभव नहीं हुआ। वैसे सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में यह कहा था कि आरक्षण 50 फीसदी से अधिक नहीं हो सकता, ऐसा नहीं है। पर इसके लिए स्थानीय स्तर पर एक आयोग और सर्वे के आधार पर ऐसा किया जा सकता है। राज्य सरकार ऐसा चाहती तो कर सकती थी। पर उसने ऐसा अब तक नहीं किया। यहां तक कि पंचायत चुनाव बगैर आरक्षण के करा लिये। सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने आश्वस्त किया था कि वह आयोग बनाकर और सर्वे के आधार पर आरक्षण व्यवस्था करेगी। पर ऐसा ना कर अब नगर निकाय का चुनाव ओबीसी को आरक्षण दिये बगैर कराया जा रहा है। प्रदेश में 1932 की चर्चा हो रही है। इसमें क्या है इसके साथ नियोजन को जोड़ा ही नहीं तो इस स्थानीय नीति का क्या करेंगे।

हेमंत सोरेन के कुर्सी से हटने तक लड़ाई जारी रहेगी : बाबूलाल मरांडी ने कहा कि तीन वर्षों में परिवार के लिए राजनीति हुई है, पैसे के लिए और नगद नीति के लिए हुई है। राज्य को इतना लूटा कि धीरे-धीरे अब होटवार जेल की ओर जा रहे हैं। कहा कि हेमंत सोरेन जी आप भी वहां अपने लिए कमरे को सुरक्षित करा लीजिए। जो पहले गये हैं उन लोगों के लिए कमरे सुरक्षित हो रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता तब तक यह लड़ाई लड़ेंगे, जब तक राज्य से हेमंत सोरेन कुर्सी से हट नहीं जाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता के अध्यक्ष अमरदीप यादव ने की। कार्यक्रम में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और रांची विधायक सीपी सिंह, पूर्व मंत्री मनोज कुमार यादव, सांसद संजय सेठ, नीरा यादव, कांके विधायक समरी लाल, नवीन जायसवाल, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, भाजपा कार्यसमिति सदस्य शशि भूषण भगत, रमेश सिंह, अविनेश सिंह, डॉ राजीव कुमार, देवनारायण प्रजापति, दिलीप स्वर्णकार, अशोक साहू, राजेंद्र मंडल सुधीर यादव, अनिल टाइगर, जैलेंद्र महतो, प्रकाश साहू, पूर्णिमा चंद्रवंशी, वरुण साहू, गोपाल सोनी आदि शामिल हुए।

हेमंत सरकार ने पिछड़ा समाज पर कुठाराघात किया है : दीपक प्रकाश
लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार ने पिछड़ा समाज पर कुठाराघात करने का काम किया है। सरकार उनके अधिकारों को छीनने का काम कर रही है। पिछड़ा समाज को सरकार ने पंचायत चुनाव में उसके हक से वंचित किया था और अब निकाय चुनाव भी बिना ओबीसी आरक्षण के कराया जा रहा है। भाजपा ने सरकार को चेतावनी दी है कि पिछड़ा समाज पर आघात ना करें। निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण लागू किया जाये, नहीं तो पार्टी पूरे प्रदेश में जोरदार आंदोलन करेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version