रांची। हजारीबाग के बड़कागांव में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आने से घायल हुए पांच लोगों को इलाज के लिए रिम्स लाया गया है। इनमें दो की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। वहीं घटना को देखते हुए बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने घटना को लेकर दुख व्यक्त किया। अंबा प्रसाद ने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचकर मैंने घायलों का बेहतर इलाज के लिए प्रयास किया।
सीएम हेमंत को दी जानकारी : अंबा प्रसाद
वहीं घटना में एक व्यक्ति की मौत पर विधायक अंबा प्रसाद ने कहा है कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी गयी है। मृतक के परिजन को सरकारी सुविधा मिले इसके लिए मैं प्रयासरत हूं।
दो घायल की स्थिति गंभीर : डॉ हिरेन बिरुआ
वहीं रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ हिरेन बिरुआ ने कहा कि इलेक्ट्रिक बर्न से हार्ट भी डैमेज होता है। फिलहाल ट्रामा सेंटर में तैनात डॉक्टर सभी घायलों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक घायल वेंटिलेटर पर है।