आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। शनिवार को झामुमो रांची जिला समिति द्वारा जिलाध्यक्ष मुश्ताक आलम की अध्यक्षता में भुसुर में एक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह का संचालन जिला सचिव डॉ हेमलाल कुमार मेहता हेमू ने किया। समारोह में अंतु तिर्की, मुकेश महतो, महादेव मुंडा, अनुप कुमार, फैयाज शाह, लक्ष्मण राम, सृष्टिधर महतो, सूरज साहू, माइकल लकड़ा आदि ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल राज्य समन्वय समिति के सदस्य सह झामुमो के पूर्व केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सभी को झामुमो का पट्टा पहना कर सदस्यता दिलायी साथ ही माला पहना कर पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक भी अदना सा कार्यकर्ता पार्टी छोड़ कर चला जाता है या किसी कारणवश पार्टी से निकाला जाता है, तो दुख होता है, पर उसी की जब घर वापसी होती है, तो पार्टी को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान के दायरे में रह कर ही काम करना पड़ता है। आज लोगों की घर वापसी सुखद संदेश देती है। आशा है सभी लोग पार्टी के नीति सिद्धांतों और संविधान के दायरे में रह कर ही काम करेंगे। बता दें कि खिजरी विधानसभा का झामुमो से टिकट नहीं मिलने के कारण अंतु तिर्की ने पार्टी छोड़ कर जेवीएम से खिजरी विधानसभा का चुनाव लड़ा था, जिसके कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। मिलन समारोह में झामुमो जिलाध्यक्ष मुश्ताक आलम, जिला सचिव डॉ हेमलाल कुमार मेहता हेमू, जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा, बीरू साहू सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।