आजाद सिपाही संवाददाता
पटना। बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी के साथ ही साइबर फ्रॉड हो गया है। उनके अकाउंट से 90 हजार रुपये की आॅनलाइन खरीदारी कर ली गयी। यह खरीदारी अमेजन और मोबिक्विक वेबसाइट से की गयी। मुख्य सचिव का अकाउंट एसबीआइ में है। उन्हें फ्रॉड का तब पता चला, जब अकाउंट से रुपये कटने के मैसेज आने लगे। मामले में आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) जांच कर रही है।

चौंकाने वाली बात यह है कि जब इन रुपयों को ट्रांसफर किया जा रहा था, तो मुख्य सचिव के मोबाइल पर बैंक की तरफ से ओटीपी भी नहीं आया। रुपये जब ट्रांसफर हो गये, तब मैसेज आया। इसे पढ़ने के बाद मुख्य सचिव के भी होश उड़ गये।
जानकारी मिलते ही जांच में जुटी इओयू:
आमिर सुबहानी ने साइबर फ्रॉड की जानकारी आर्थिक अपराध इकाई के तहत चल रहे साइबर सेल को दी। इसके बाद इओयू की टीम एक्टिव हुई। अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया गया। इसके बाद टीम ने अपनी जांच शुरू की। जिस अकाउंट से फ्रॉड हुआ था, वह भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) में है। इओयू को अपनी जांच में पता चला कि साइबर अपराधियों ने दो बड़ी कंपनियों की वेबसाइट से ऑनलाइन शॉपिंग की थी। 50 हजार रुपये की खरीदारी अमेजन से की गयी थी, जबकि 40 हजार रुपये की खरीदारी मोबिक्विक वेबसाइट से की गयी है। जांच टीम दोनों ही कंपनियों के अधिकारियों से बात कर डेलिवरी रुकवाने का प्रयास कर रही है। साथ ही साइबर ठगों को पकड़ने के लिए कदम उठाया जा रहा है।

डेढ़ घंटे बंद रहा वाट्सएप, लोग हुए परेशान
दिल्ली (आजाद सिपाही)। वॉट्सएप की सर्विसेस मंगलवार को दुनिया के कई देशों में करीब डेढ़ घंटे डाउन रही। जानकारी के मुताबिक वॉट्सएप ने दोपहर 12.30 बजे काम करना बंद किया था। करीब डेढ़ घंटे बंद रहने के बाद दोपहर 2 बज कर 6 मिनट पर इसने वापस काम करना शुरू कर दिया। सरकार ने वॉट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा से इस गड़बड़ी को लेकर रिपोर्ट मांगी है। भारत में राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में यूजर्स ने मेटा-ओन्ड मैसेंजर सर्विस में डिसरप्शन की शिकायत की थी। वेबसाइट ट्रैकर डाउन डिटेक्टर ने मैसेंजर सर्विस बंद रहने की जानकारी दी थी। वॉट्सएप के काम न करने की खबर ट्विटर पर भी ट्रेंड करने लगी थी। दुनियाभर में वॉट्सऐप के दो अरब से ज्यादा एक्टिव मंथली यूजर्स हैं। वॉट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा के स्पोक्सपर्सन ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि कुछ लोगों को मैसेज भेजने में परेशानी हो रही है। हम वॉट्सएप सर्विस को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि कंपनी ने इस समस्या की वजह नहीं बतायी।
———-

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version