आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य नें लगातार विकास की दिशा में कई उपलब्धियां हासिल की है। इसी क्रम में नयी दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में झारखंड को 100 शहरी निकायों वाले राज्यों में देश के सेकेंड टॉपर राज्य का सम्मान प्रदान किया। राज्य सरकार की ओर से नगर विकास के अधीनस्थ राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार ने इस सम्मान को प्राप्त किया।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में झारखंड को सेकेंड टॉपर अवार्ड के साथ कुछ अन्य शहरों को भी विभिन्न कैटेगरी में सम्मानित किया गया है। पूर्वी जोन के 50000 से 100000 आबादी वाले नगर निकायों में चाईबासा को बेस्ट सिटिजन फीडबैक के लिए सम्मानित किया गया। पूर्वी जोन के 15000 से 25000 आबादी वाले नगर निकायों में बुंडू को बेस्ट सिटिजन फीडबैक के लिए सम्मानित किया गया।

केंद्र द्वारा देशभर के शहरों में 17 सितंबर 2022 को कराये गये इंडियन स्वच्छता लीग में भी झारखंड के तीन नगर निकायों को सम्मानित किया गया है। झारखंड के जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र,मानगो और मेदनीनगर को इंडियन स्वच्छता लीग में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर जमशेदपुर और पलामू के उपायुक्त मौजूद रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version