आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में दुष्कर्म, हत्या और प्रताड़ना की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चाइबासा में हुई घटना पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने चाइबासा में दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की बात कही है।
अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल सरकार
सुदेश महतो ने कहा है कि झारखंड हमेशा से बेटियों के लिए सुरक्षित प्रदेश रहा है। लेकिन नि:संदेह झारखंड इतना असुरक्षित और असंवेदनशील कभी नहीं था। राज्य सरकार अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल रही है। आजसू पार्टी सरकार से यह मांग करती है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस केस की सुनवाई हो तथा अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। साथ ही साथ महिला सुरक्षा लिए मुख्यमंत्री ठोस कदम उठायें।

घटना अति दु:खद और अति-निंदनीय
साथ ही आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने इस घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि आजसू पार्टी महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को लगातार आगाह कर रही है। झामुमो महागठबंधन के कार्यकाल में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। आंकड़े भी यही साबित कर रहे। पिछले 29 महीनों में (2020 से 2022 मई) राज्य में दुष्कर्म की कुल 4079 घटनाएं हुई हैं। चाइबासा में हुई घटना अति दु:खद और अति-निंदनीय है। राज्य सरकार इस घटना को गंभीरता से ले और दोषियों को सख्त सजा दिलाना भी सुनिश्चित करे, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ दुष्कर्म
बता दें कि शुक्रवार को पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ 10 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शाम करीब 5:30 बजे पीड़िता अपने दोस्त के साथ स्कूटी में घूमने के लिए हवाई अड्डे के पास गयी थी। यहां स्कूटी खड़ी कर दोस्त से बात कर रही थी। शाम ढलने से हल्का अंधेरा हो गया है, तभी वहां कुछ लड़के आ गये और उससे मारपीट कर सुनसान जगह खींच कर ले गये और सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। लड़की की स्थिति गंभीर होने लगी तो सभी लड़के वहां से छोड़कर भाग गए। पीड़िता शिकायत पर पुलिस ने थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version