रांची। पूर्व सांसद महेश पोद्दार ने फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम में भारतीय टीम में शामिल झारखंड के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर भी घोषणा की है। उन्होंने भारतीय महिला फुटबॉल टीम में झारखंड की छह खिलाड़ियों को शामिल किये जाने को गौरवान्वित करनेवाला पल बताया है। साथ ही उम्मीद जतायी है कि झारखंड की महिला खिलाड़ी अपने परफॉरमेंस से भारतीय टीम का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने टीम में शामिल सभी छह खिलाड़ियों को दस-दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि अपनी ओर से देने की भी घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक इसके लिए उनकी ओर से कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग, झारखंड से इस संबंध में चर्चा हो चुकी है। खिलाड़ियों की वापसी पर उन्हें यह राशि उपलब्ध कराये जाने का प्रयास हो रहा है।
भुवनेश्वर में हुनर दिखायेगी भारतीय टीम
गौरतलब है कि भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने महिला फुटबॉल विश्व कप के लिए मेजबान होने के नाते क्वालिफाइ किया है। भारतीय टीम मंगलवार को भुवनेश्वर (ओड़िशा) में अमेरिका से अपने अभियान की शुरूआत करेगी। उसके ग्रुप में अमेरिका के अलावा ब्राजील और मोरक्को की टीम भी शामिल है। भारतीय टीम की कप्तानी गुमला की अष्टम उरांव के हाथों में है। सुधा अंकिता तिर्की (गुमला), नीतू लिंडा, अंजलि मुंडा और अनिता कुमारी (रांची) तथा पूर्णिमा (सिमडेगा) भी भारतीय टीम की ओर से अपना टैलेंट दुनिया को दिखायेंगी। अमूमन सभी खिलाड़ी बेहद कमजोर, साधारण पृष्ठभूमि वाले घरों से हैं। अष्टम की मां और पिता मजदूरी करके घर चलाते हैं। वह भात साग खाकर बड़ी हुई है।