रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ के रंग में पूरा झारखंड रंगा दिख रहा है। रांची सहित अन्य जिलों के घाटों पर छठ व्रतियों ने छठ के तीसरे दिन रविवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद छठ व्रती भोजन करेंगी। इसके साथ चार दिवसीय छठ व्रत संपन्न हो जायेगा। अर्घ्य को लेकर घाटों पर सरकार की तरफ से खास व्यवस्था की गई है।
व्रतियों ने तालाब, नदी आदि पानी के स्रोत में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया । प्रसाद की वस्तुओं से भरे बांस से बने सूप और टोकरियों को घाट पर ले जाया गया, जहां सूर्य देव और छठी मैय्या को संध्या अर्घ्य दिया गया। छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई नजर आई। सड़काें पर जनसैलाब का नजारा दिखा। कई नेता भी छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं के बीच घाटों पर दिखाई दिए। मुख्यमंत्री हेमंत साेरेन भी सपत्नीक रांची के नक्षत्र वन स्थित हटनिया तालाब पहुंचे तथा सैकड़ों व्रतियों के बीच छठ पूजा में शामिल हुए।
रांची में छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किया गया है। राजधानी के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जवान तैनात रहे। छठ घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इस बात को लेकर पुलिस अलर्ट रही।