रांची। झारखंड पुलिस ने शुक्रवार को रांची में पुलिस संस्मरण दिवस मनाया। डोरंडा स्थित जैप ग्राउंड में देश की रक्षा करने वाले वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही शहीद जवानों को सलामी दी गई। डीजीपी नीरज सिन्हा सहित राज्य के आला अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।

झारखंड में इस वर्ष नक्सलियों से मुकाबला करते हुए झारखंड जगुआर में पदस्थापित आरक्षी ठाकुर हेंब्रम, आरक्षी शंकर नायक और बीएसएफ के उप समादेष्टा राजेश कुमार शहीद हो गए थे। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर तीनों वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही देश में 264 शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डीजीपी ने कहा कि आज के दिन देश में शहीद हुए जवानों को हम याद करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। शहीद होने वाले पुलिसकर्मी हमेशा ही कर्तव्य पथ पर बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। आज के दिन सिर्फ और सिर्फ शहीदों को याद करना चाहिए और उनकी भलाई की सोचनी चाहिए। डीजीपी ने कहा कि यह संस्मरण का दिन है। इस अवसर पर एडीजी आईजी डीआईजी एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इससे पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा ने जैप-1 में बने शहीद स्थल पर शहीदों को पुष्प अर्पित किया

क्यों मनाया जाता है पुलिस संस्मरण दिवस

21 अक्टूबर 1959 को भारत के लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी सेना के आक्रमण में सीआरपीएफ अधिकारी कर्म सिंह अपने 20 साथियों के साथ शहीद हुए थे। इस घटना के बाद से हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाता है ।इस दौरान पिछले एक साल में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version