रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की दूसरी पुण्यतिथि शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मनाई गई। मौके पर लोजपा रामविलास के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान ने पार्टी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पासवान के चित्र पर माल्यार्पण किया और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
प्रधान ने कहा कि देश के महान सपूत, बिहार के गौरव और सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज रहे राम विलास पासवान को मैं अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। यह मेरे लिए बहुत भावुक दिन है। स्वतंत्र भारत के राजनीतिक इतिहास में राम विलास का हमेशा अपना एक अलग स्थान रहा। वे एक बहुत ही सामान्य पृष्ठभूमि से उठकर शीर्ष तक पहुंचे। आज जो युवा राजनीति को जानना और समझना चाहते हैं या फिर राजनीति के जरिए देश की सेवा करना चाहते हैं वह रामविलास के जीवन से काफी कुछ सीख सकते है। इस मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में भारत सरकार के हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य विनय कुमार, पूरन चंद, उमेश तिवारी, शिवजी कुमार, पारस नाथ, भोला कुमार, संजीत, राजेश रंजन सहित अन्य मौजूद थे।