धनबाद। संकल्प यात्रा के दौरान बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त शासन के लिए भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।

जनसभा में बाबूलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों की चिंता करते हैं। उन्होंने गैस कनेक्शन के साथ गैस पर सब्सिडी भी दिया जबकि 75 लाख बहनों को नया कनेक्शन देने की तैयारी चल रही है। कांग्रेस शासन में शहर वालों को ही मिलता था। आज गांव-गांव तक गैस पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वकर्मा पूजा के दौरान कारीगरों के लिए विश्वकर्मा योजना लांच किया। इसके तहत 13 हजार करोड़ के बजट का भी प्रावधान किया गया है। ट्रेनिंग के दौरान स्टाइफन भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने नाई, बढई, लोहार, मोची की चिंता की है। हमलोगों को मोदी की चिंता करनी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। हेमंत सरकार में अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो गया है। आम जनता भय के साए में जीने को मजबूर हैं। प्रत्येक दिन चोरी, डकैती, हत्या, अपहरण, दुष्कर्म हो रहा है। अपराधी बेखौफ हैं। आम आदमी डरा हुआ है। अंचल ब्लॉक और जिले के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिये कोई काम नहीं होता है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए घूस देना पड़ता है। हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सरकार में बालू पर टैक्स नहीं लगता था। हेमंत सरकार ने बालू घाट दिल्ली मुंबई वालों को दे दिया। पुलिस अफसर की गठजोड़ झारखंड को लूटने में व्यस्त हैं।

उन्होंने कहा कि जो परिवार और पैसे के लिए रणनीति करते हैं उनसे झारखंड का कभी भला नहीं हो सकता है। हेमंत सरकार भ्रष्ट अधिकारियों के साथ खड़ी है। ऐसे सरकार को उखाड़ फेंकना है। साथ ही कहा कि मोदी ने जब से कहा है न खाएंगे न खाने देंगे। इससे विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version