रामगढ़। रांची में 27 अक्टूबर से होने वाले महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी-2023 का गुरुवार को इंडोर स्टेडियम, रामगढ़ में स्वागत एवं अनावरण किया गया। डीसी चंदन कुमार, एसपी पीयूष पांडेय, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। साथ ही संयुक्त रूप से ट्रॉफी का अनावरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी चंदन कुमार ने कहा कि महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप का झारखंड में होना सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रत्येक पंचायत में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे जिले के हर क्षेत्र से हर खेल में खिलाड़ी उभरें और विश्व पटल पर रामगढ़ का नाम रोशन करें।

एसपी पीयूष पांडे ने हॉकी खेल जगत में झारखंड की बेटियों की सराहना करते हुए कई खिलाड़ियों का उदाहरण प्रस्तुत किया। साथ ही उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से न केवल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है, बल्कि खिलाड़ियों में राज्य व देश के लिए कुछ करने की इच्छा भी जागृत होती है। उन्होंने सभी से अपील किया कि खेल जगत में खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध प्लेटफार्म का लाभ अवश्य उठाएं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें जूडो से चांदनी कुमारी एवं पीयूष कुमार राणा, कराटे से चंद्र प्रकाश उपाध्याय एवं रक्ष रानी, वॉलीबाल से साजन करमाली एवं नैना कुमारी, बॉक्सिंग से तुषार कुमार, बैडमिंटन से विनीत कुमार, प्रियांशु कुमार एवं पवन गोपाल, फुटबॉल से प्रेम कुमार एवं मो. आतीफ, निशानेबाजी से सोनू प्रताप सिंह एवं मोहित कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सीडी सिंह ने किया।

उल्लेखनीय है कि पहली बार महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक रांची में किया जा रहा है। इसमें भारत के साथ जापान, चीन, कोरिया एवं थाईलैंड की महिला खिलाड़ी शामिल होंगी। इसी संदर्भ में राज्य के युवाओं एवं युवतियों को खेल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हॉकी झारखंड के तत्वावधान में एशिया ट्रॉफी का टूर राज्य के सभी 24 जिलों में आयोजित किया जा रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version