रांची। भाजपा ने झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से 66 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शनिवार को इसे जारी किया। उन्होंने सूची जारी करते हुए कहा कि भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में 15 अक्टूबर को संपन्न हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। समिति ने नामों पर अपनी स्वीकृति दी है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सरायकेला से मैदान में होंगे। पार्टी ने 66 सीटों में 12 पर महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। रांची से सीपी सिंह को फिर टिकट दिया गया है। हटिया से नवीन जायसवाल ही उम्मीदवार होंगे। वहीं, कांके से जीतूचरण राम को टिकट दिया गया है। मांडर से सन्नी टोप्पो को, तो खिजरी से राम कुमार पाहन और सिसई से अरुण उरांव को मैदान में उतारा गया।