98% सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिये जायेंगे
-आजसू को मिल सकती है 9 से 11 सीटें
-जदयू के खाते में जायेगी दो सीट
-लोजपा से सीट पर बातचीत 16 के बाद
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भाजपा झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही कर देगी। चुनाव आयोग जैसे ही झारखंड के लिए तिथि की घोषणा करेगा, उसके 24 घंटे के भीतर भाजपा अपने हिस्से की 98% सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी। यह संकेत असम के मुख्यमंत्री और झारखंड चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने सोमवार को दिया। इससे पहले पूर्व विधायक सुकर रविदास और उनकी पुत्री तथा कांग्रेस की नेत्री रही डॉ मंजू देवी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और असम के सीएम सह प्रदेश भाजपा के विधानसभा सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा ने दोनों का पार्टी में स्वागत किया। मौके पर हिमंता ने कहा कि सालों पहले पार्टी छोड़ कर गये लोगों का तन, मन भाजपा के साथ ही बना रहा। आगे बढ़ते समय राह में और भी नये साथी मिल रहे हैं।
एनडीए गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा:
हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि राज्य में एनडीए गठबंधन अपने सहयोगियों के साथ पूरी मजबूती से चुनाव लडेÞगा। आजसू पार्टी के साथ बस एक सीट के लिए बात फाइनल होनी बाकी है। संभव है कि उसे 11 या फिर 9 सीट मिले। इसके अलावा जदयू को दो सीट मिल सकती है। वैसे केंद्रीय नेतृत्व और कुछ करे तो अलग बात है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोजपा के लिए सीटों पर बातचीत जल्द तय होगी। वे अभी विदेश में हैं और 16 अक्टूबर को लौटने पर यह सब हो जायेगा। हिमंता ने यह भी बताया कि चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई है। भाजपा अपने कैंडिडेट की घोषणा जल्द ही कर देगी। चुनाव आयोग जैसे ही झारखंड के लिए आज या कल, जब भी इलेक्शन का डेट एनाउंस करेगा, उसके 24 से 28 घंटे के भीतर भाजपा अपने हिस्से की 98% सीटों के लिए कैंडिडेट का नाम घोषित कर देगी। चंदनक्यारी सीट के एक सवाल पर हिमंता ने साफ कहा कि यह सीट भाजपा के हिस्से की ही रहेगी। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, सुकर रविदास, आरती कुजूर सहित अन्य भी उपस्थित थे।
बकाया पर सरकार अपना एकाउंट दिखाये:
हेमंत सोरेन सरकार द्वारा एक लाख 36 हजार करोड़ केंद्र पर झारखंड के बकाया होने के सवाल पर हिमंता ने कहा कि वे इसे सुप्रीम कोर्ट को समझायें। राज्य में कोयला, बालू की चोरी हो रही है। इसका पैसा कहां जा रहा। सरकार अपना एकाउंट दिखाये। झारखंड में दुर्गा पूजा के आयोजन, प्रतिमा विसर्जन पर विवाद के सवाल पर कहा कि असम में 40% आबादी मुस्लिमों की है। सरकार ने वहां ऐसी व्यवस्था कर रखी है कि वे सभी त्योहारों का सम्मान करते हैं। यहां भाजपा की सरकार बनने पर एक साल के अंदर ही सभी मुस्लिम रामनवमी, दशहरा में भाईचारा निभाते दिखेंगे। इसका फॉर्मूला पार्टी को पता है।
चुनाव प्रबंधन समिति की हुई बैठक
इससे पूर्व सोमवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता एवं केंद्रीय मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री एवं चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा की उपस्थिति में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई।