शहर का होगा विस्तार, मिलेगा रोजगार: हेमंत सोरेन
-ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1 जनता को समर्पित और फेज -2 की रखी आधारशिला
-ट्रांसपोर्ट व्यवसाईयों के लिए स्थायी ठिकाना होगा, उन्हें व्यवसाय से जुड़ी सारी सुविधाएं उपलब्ध होगी
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज रांची को एक सुसज्जित और व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर मिल रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर से जहां यातायात और परिवहन व्यवस्था सुगम एवं सुदृढ़ होगा, वहीं ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को गति मिलेगी। व्यवसायियों का यह स्थायी ठिकाना होगा, जहां उन्हें कारोबार से संबंधित सारी सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री गुरुवार को रांची के सुकुरहुटू में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नवनिर्मित ट्रांसपोर्ट नगर के फेज- 1 का उद्घाटन और फेज -2 की आधारशिला रखने के मौके पर बोल रहे थे।

जरूरत के हिसाब से सुविधाएं बढ़ायी जायेगी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में आने वाले दिनों में जो जरूरत और आवश्यकता होगी, उसी के अनुरूप सुविधाओं में विस्तार किया जायेगा। आज ट्रांसपोर्ट नगर के फेज-1 का उद्घाटन संपन्न हुआ। फिलहाल यहां ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से संबंधित कई सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी है। फेज-2 में भी कई आधुनिक सुविधाएं यहां उपलब्ध कराया जाना है।

ट्रांसपोर्ट व्यवसाईयों को भी नहीं होगी कोई परेशानी:
हेमंत सोरेन ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर से आम नागरिकों को काफी सहूलियत होगी। इससे शहर में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिलेगी। यातायात व्यवस्था सुगम होगा। शहर में भारी वाहन नहीं आयेंगे, जिससे सड़कों पर आवागमन में आसानी होगी। वहीं, भारी माल वाहक वाहनों के पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग, वाहन चालकों के ठहरने सहित ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े कार्य एक ही जगह हो सकेंगे।

कई अन्य गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा:
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर से इस इलाके में कई अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे शहर का विस्तार होगा। यहां शहरी गतिविधियां भी तेजी से बढ़ेगी। कारोबार में गति आयेगी। रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे। कुल मिलाकर ट्रांसपोर्ट नगर से विकास को एक नया आयाम मिलेगा।

कार्यक्रम में थे मौजूद:
इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, प्रधान सचिव सुनील कुमार, निदेशक सूडा अमित कुमार, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त संदीप सिंह एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version