मांडर। झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखंड कांग्रेस की चुनाव आचार संहिता समिति के अध्यक्ष बंधु तिर्की ने 30 अक्टूबर को आयोजित जनसंपर्क अभियान को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री ने कहा है कि पिछले 5 साल में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की गठबंधन सरकार ने झारखंड के लोगों के विकास के लिए अभूतपूर्व काम किया है। अबकी बार भी झारखंड के लोगों की भावना कांग्रेस के साथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है क्योंकि न केवल वे बल्कि मांडर की जनता भी इस बात को जानती है कि सभी लोगों विशेषकर आदिवासियों एवं मूलवासियों के विकास और झारखंड की मजबूती के लिए कांग्रेस की जीत बहुत अधिक जरूरी है।

हेमंत सरकार ने जनहित के लिए अनेक योजनाओं को जमीन पर उतारा
मांडर विधानसभा क्षेत्र के देवगांव पंचायत के ताबेरकला, ताबेर खुद, सहेदा, तिलई, पोला एवं सकरपुर, लतरातु पंचायत के लतरातु (डुमर झरिया), ददगो, दारनदा, नावाटोली एवं बलांदु और महुगांव पंचायत के महुगांव, जामाकेल, उड़ीकेल, तापकारा, टांगरकेला, गुदगुद एवं बुढ़नी बरटोली में सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान आम ग्रामीणों को संबोधित करते हुए तिर्की ने कहा कि हेमंत सरकार ने जनहित के लिए अनेक योजनाओं को युद्ध स्तर पर जमीन पर उतारा। इसके साथ ही सरकार ने इसका फायदा भी ग्रामीणों तक पहुंचाया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चुनाव में इंडिया गठबंधन की प्रचंड जीत सुनिश्चित है और उसके बाद हर महिला के खाते में हर वर्ष सरकार 1 लाख रुपये देगी।

ग्रामीणों ने लिया कांग्रेस की नीति के साथ होने का संकल्प
इस दौरान जनसंपर्क अभियान में उपस्थित ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि वे कांग्रेस की नीति के साथ हैं और कांग्रेस प्रत्याशी को ही जितायेंगे। क्योंकि इससे न केवल राष्ट्र बल्कि झारखंड भी मजबूत होगा, साथ-साथ आम जनता की भलाई एवं उसके विकास के लिए भी यह जरूरी है। इस सघन जनसंपर्क अभियान में कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version