रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट से सीटिंग विधायक दिनेश विलियम मरांडी का टिकट काट दिया है। उनकी जगह हेमलाल मुर्मू को कैंडिडेट बनाया गया है। दिनेश मरांडी ने इस निर्णय पर आक्रोश जताया है। साथ ही इस फैसले से पार्टी को नुकसान होने की संभावना भी जतायी है।

उम्मीदवारों के नाम की पहली सूची झामुमो ने मंगलवार को जारी की है। इसमें 35 उम्मीदवारों के नाम हैं। लिस्ट में लिट्टीपाड़ा से दिनेश विलियम मरांडी का टिकट काटकर हेमलाल मुर्मू को टिकट दिये जाने से दिनेश मरांडी नाराज हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि मुझे टिकट देने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद भी टिकट काट दिया गया। वे पार्टी लीडर हेमंत सोरेन और दूसरों से जानना चाहते हैं कि आखिर उनका टिकट आखिर क्यों काटा गया। पिता साइमन मरांडी गुरुजी शिबू सोरेन को राजनीति में लेकर आये थे। दिनेश के मुताबिक, वे नहीं जानते कि ऐसी क्या बात हो गयी कि उन्हें दरकिनार कर दिया गया। सवाल करते कहा कि शिबू सोरेन का परिवार चार सीटों पर चुनाव लड़ेगा और साइमन मरांडी का परिवार एक में भी नहीं लडेगा? उन्होंने कहा कि दिनेश मरांडी किसी से डरने वाला नहीं है। हम हेमंत सोरेन के परिवार को अपना परिवार मानते हैं। वे पार्टी के लिए हमेशा खड़े रहे हैं। इसका उन्हें यही सिला मिला कि टिकट काट दिया गया। टिकट देते समय उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है। उनके माता-पिता नहीं हैं, इसलिए उन्हें टॉर्चर किया जा रहा है। हेमलाल मुर्मू झारखंड मुक्ति मोर्चा को बर्बाद कर देंगे। पार्टी को गंभीरता से विचार करना चाहिए था।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version