कहा, हमारी पार्टी उत्तरी छोटानागपुर की सभी 25 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
रांची। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयराम महतो ने नयी राजनीतिक पार्टी बनायी है। उनकी पार्टी का नाम झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) है। गुरुवार को धनबाद के सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जयराम महतो ने विधानसभा चुनाव में जेएलकेएम प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। छह विधानसभा सीट डुमरी, जमुआ, राजमहल, तमाड़, सरायकेला और छत्तरपुर से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गयी है। डुमरी विधानसभा सीट से जयराम महतो खुद उम्मीदवार बने हैं क्यों कि लोकसभा में सबसे ज्यादा वोट उसी सीट से मिला था साथ ही उन्होंने कहा कि वह डुमरी के साथ-साथ एक अन्य सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं जिस पर अभी मंथन किया जा रहा है। जयराम महतो ने बताया अबतक 69 सीट से उम्मीदवारी के लिए आवेदन मिले हैं। पार्टी का 69 सीट पर चुनाव लड़ना तय है। इसके बाद भी अच्छे उम्मीदवार आते हैं तो उन्हें चुनावी रण में जरूर उतारेगेंं। महिलाओं की ज्यादा से ज्यादा भागेदारी हो यह पार्टी भी चाहती है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी उत्तरी छोटानागपुर की सभी 25 सीटों पर चुनाव लड़ेगी यह तय है।

महतो ने कहा कि टुंडी, गोमिया, बेरमो बाघमारा और मांडू भी उनकी पसंदीदा सीटों में से है। आचार संहिता से पहले पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर देगी। सिल्ली सीट को लेकर कहा कि पूर्व विधायक अमित महतो को सिल्ली से पार्टी चुनाव लड़ाना चाहती है। इसपर बातचीत का दौर भी जारी है। उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी अकेले दम चुनाव लड़ेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version